भड़सेना पंचायत में लाखो रुपये का नगद भुगतान, पारदर्शिता पर उठे सवाल
मूलभूत कार्यों के नाम पर सरपंच को सीधे कैश का भुगतान, नियमों की अनदेखी का आरोप

अम्बागढ़ चौकी। जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के जनपद पंचायत अ.चौकी अंतर्गत ग्राम पंचायत भड़सेना में वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। पंचायत द्वारा फरवरी 2025 में 10000, 19380, 20000, 30000,47600 रुपये जैसे अन्य राशियो की राशि मूलभूत कार्यों के नाम पर खर्च दिखाते हुए सीधे सरपंच को नकद भुगतान किया गया है। यह जानकारी ई-पोर्टल पर उपलब्ध भुगतान वाउचर से सामने आई है।
दस्तावेजों के अनुसार यह राशि “ग्राम पंचायत को मूलभूत कार्यों हेतु अनुदान” मद से निकाली गई है। भुगतान फरवरी 2025 को किया गया, जिसमें सड़क मरम्मत कार्य,नाली सफाई और शौचालय सफाई,कोलिहाटोला, बजरटोला और ठाकुरटोला गली में मरम्मत कार्य के लिए मजदूरी भुगतान का उल्लेख किया गया है। तो कही मटेरियल सप्लायर के नाम तो कही कचरा ढुलाई के नाम पर लाखों रुपये का बंदरबांट कर लिया गया है। खास बात यह है कि पूरा भुगतान नकद (कैश) के माध्यम से सीधे सरपंच को किया गया, जबकि नियमों के अनुसार मजदूरों व सामग्री क्रय का भुगतान सीधे उनके खातों में या पारदर्शी प्रक्रिया के तहत किया जाना चाहिए।
इस मामले को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है। उनका आरोप है कि पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर राशि का बंदरबांट किया जा रहा है और पारदर्शिता नहीं बरती जा रही। ग्रामीणों ने इस पूरे मामले की जांच कर दोषी सरपंच सचिव के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं संबंधित अधिकारियों का कहना है कि शिकायत मिलने पर जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।



